रायबरेली। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मंगलवार को हुए सड़क हादसे में मेडिकल स्टोर संचालक समेत दो लोगों की मौत हो गई।
अमेठी के जायस कस्बा निवासी आशुतोष साहू (35) पुत्र सुशील कुमार फुरसतगंज थाना क्षेत्र के फुरसतगंज कस्बे में मेडिकल स्टोर चलाता था। सुबह वह घर से मेडिकल स्टोर खोलने आ रहा था।
रायबरेली-सुल्तानपुर हाईवे पर सोनार गांव के पास तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी इतनी तेज थी कि आशुतोष उछलकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा और मौके पर मौत हो गई। चालक कार समेत फरार हो गया। मेडिकल स्टोर संचालक की मौत से फुरसतगंज बाजार बंद रहा। उधर, पूरे सुबेदार निवासी अरविंद कुमार सिंह (34) पुत्र माता प्रसाद अपने मित्र बादल कुमार के साथ गदागंज से घर जा रहा था।
सामने से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे अरविंद की मौत हो गई। पीछा बैठा बादल और दूसरी बाइक का चालक भी घायल हुआ है। पूरे बरियारगंज मजरे लहेंगा गांव निवासी नितिन कुमार (17), सूरज कुमार (19) व करमराज (22) एक बाइक से परैया नमकसार बाजार गया था। बाजार के पास एक ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल नितिन कुमार की मौके पर मौत हो गई। चालक टक्कर मारने के बाद फरार हो गया। घायल सूरज व करमराज को सीएचसी में भर्ती कराया गया। नितिन कुमार पंडित श्रीलखन इंटर कॉलेज में 12 वीं का छात्र था। नसीराबाद एसओ धीरेंद्र कुमार ने बताया की सड़क दुर्घटना में नितिन कुमार की मौत हुई है। घायलों का सीएचसी नसीराबाद में इलाज चल रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
मिल एरिया के पूरे बैसन मजरे बूढन मंचितपुर गांव निवासी छोटेलाल की बेटी गायत्री (18) भाई अनिल कुमार के साथ बाइक से दर्शन करने मोन आई थी। साथ में उसकी बड़ी बहन उसके दूसरे भाई संजय के साथ बाइक से थी। चारों लोग दर्शन कर बाइकों से वापस घर लौट रहे थे। चंदापुर रोड पर मुराइन की बाग के पास तेज गति से आ रहे डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई गायत्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिल कुमार बाल-बाल बच गया। सीओ विनीत सिंह ने बताया कि रिपोर्ट लिखकर चालक के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।