ऊंचाहार। प्रयागराज-उन्नाव और प्रयागराज-रायबरेली रेलमार्ग के ऊंचाहार स्टेशन में रविवार सुबह सिग्नल संबंधी तकनीकी खामी के कारण पांच ट्रेनों को रोकना पड़ा। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तकनीकी समस्या के कारण ट्रेनों का संचालन पेपर लाइन क्लियर (पीएलसी) के माध्यम से कराया गया।
प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस और रायबरेली-कानपुर पैसेंजर को करीब 30-30 मिनट तक रोका गया। सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस और प्रयागराज-लखनऊ गंगा गोमती एक्सप्रेस 15-15 मिनट तक खड़ी रहीं। सिंगरौली-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस को भी करीब 10 मिनट रोकना पड़ा।
इन ट्रेनों का ऊंचाहार स्टेशन पर निर्धारित ठहराव महज दो मिनट का है। ऐसे में तकनीकी खामी के कारण ट्रेनों को लंबे समय तक रोके जाने से यात्रियों को परेशानी हुई। वरिष्ठ खंड अभियंता (संकेत) एसपी सिंह ने बताया कि सिग्नल संबंधी तकनीकी खामी के कारण ट्रेनों के संचालन में दिक्कत आई थी। समस्या को जल्द ही दूर कर लिया गया।