रायबरेली। जिले में कार्ड धारकों के राशन पर डाका डालने के मामले में कोटे की पांच दुकानों को निरस्त कर दिया गया है। साथ ही दुकानों की करीब 25 हजार रुपये की जमानत राशि को जब्त कर लिया गया है। जिले के जगतपुर, खीरों, राही, दीनशाह गौरा और डलमऊ ब्लॉक क्षेत्रों में यह कार्रवाई की गई है। गांवों में नई दुकानों के चयन के आदेश दिए गए हैं।
गरीबों के राशन वितरण में मनमानी पकड़ में आने के बाद जिले की कई कोटे की दुकानों के संचालकों पर मुकदमा दर्ज कराया गया था। साथ ही दुकानों को निलंबित करके लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डीएसओ केएन सिंह ने बताया कि दीनशाह गौरा ब्लॉक की अंबारा मथई और डलमऊ ब्लॉक की मुरैठी दुकान को निरस्त कर दिया गया है।
अंबारा मथई के कोटेदार के खिलाफ 38 हजार और मुरैठी के कोटेदार के खिलाफ 26 हजार रुपये की वसूली के आदेश भी दिए गए हैं। पांच-पांच हजार रुपये की जमानत राशि भी जब्त की गई है। इसके अलावा खीरों के मेरामऊ, जगतपुर के धर्मदासपुर और राही ब्लॉक के कोलाहैबतपुर की कोटे की दुकानों को भी निरस्त कर दिया गया है। तीनों दुकानों की जमानत राशि को जब्त कर लिया गया है। जल्द ही नई दुकानों का चयन करवाया जाएगा।