लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर दरियापुर चौराहे पर बुधवार को चेकिंग के दौरान पांच वाहनों से 9.86 लाख रुपये बरामद किए गए। खबर लिखे जाने तक आयकर विभाग के अधिकारी और पुलिस वाहन सवार पांचों लोगों से बरामद रकम के बारे में पूछताछ कर रही थी।
यही नहीं विजया बैंक का 15 लाख रुपया भी बरामद किया गया। हालांकि मैनेजर के लिखित देने के बाद बैंक का रुपया कुछ देर बाद वापस कर दिया गया। वाहनों की चेकिंग से हाईवे पर आने जाने वाले लोगों में हड़कंप मचा रहा। कई वाहन मालिक तो वाहन लेकर दूसरे रास्ते से गतंव्य स्थान को निकले।
एसडीएम सदर शैलेंद्र मिश्रा और सीओ श्वेता श्रीवास्तव की मौजूदगी में बुधवार को भदोखर थानेदार आरके सिंह, मुंशीगंज चौकी इंचार्ज रामकुमार आदिम से हाईवेे पर दरियापुर चौराहा पर चेकिंग कराई जा रही थी।
इसी दौरान प्रतापगढ़ केे रहने वाले अनिल प्रताप सिंह की चार पहिया गाड़ी से तीन लाख छह हजार, इलाहाबाद के सरायं लहर निवासी जितेंद्र वर्मा की गाड़ी से एक लाख, इलाहाबाद के सी-207 कोठी निवासी एमएम फैजान के वाहन से तीन लाख, इलाहाबाद के भदोही निवासी मो. अब्बास की गाड़ी से एक लाख 80 हजार रुपये बरामद किए गए।
ये सभी चार पहिया गाड़ियों से इलाहाबाद से रायबरेली की तरफ आ रहे थे। मनिका टॉकीज रायबरेली निवासी अनूप सिंह की गाड़ी से एक लाख 700 रुपये बरामद किए गए। इस तरह पांच लोगों से 9 लाख 86 हजार 700 रुपये बरामद हुए।
पुलिस इन सभी से पूछताछ कर ही रही थी कि इसी दौरान विजया बैंक की गाड़ी रुपया लेकर पहुंच गई। गाड़ी की भी चेकिंग की गई। गाड़ी से 15 लाख रुपये बरामद हुए। बरामद रुपया लेकर एसडीएम व सीओ भदोखर थाने पहुंचे।
रुपया बरामदगी की सूचना पर आयकर विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पांच लोगों को से रुपयों की बाबत पूछताछ की जा रही है। एसडीएम शैलेंद्र मिश्रा का कहना है कि गाड़ी बाबूगंज ऊंचाहार स्थित बैंक शाखा जा रही थी।
बैंक मैनेजर के लिखित देने पर बैंक का बरामद 15 लाख रुपया वापस कर दिया गया। वहीं पांच लोगों से बरामद नौ लाख 86 हजार 700 रुपये की जांच आयकर विभाग के अधिकारी और पुलिस कर रही हैं। पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है कि उनकेपास से इतना रुपया कहां आया और वे कहां लेकर जा रहे थे। देर शाम रकम जब्त कर उनको जाने दिया।