एआरटीओ दफ्तर में बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक बसपा नेता और दलालों के बीच विवाद हो गया। विभागीय कार्य न होने पर बसपा नेता ने नाराजगी जताई तो दलाल उनसे भिड़ गए। 100 नंबर की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर विवाद करने वाले दलालों को बाहर खदेड़ दिया।
हालांकि इस मामले की कोई लिखापढ़ी थाने पर नहीं की गई है। बताते हैं कि सदर विधानसभा क्षेत्र के एक बसपा नेता बुधवार को एआरटीओ दफ्तर गए थे। उनका कोई विभागीय कार्य दो महीने से नहीं हो रहा था। उन्होंने कार्य कराने की जिम्मेदारी दलाल को दी थी।
कार्य न होने पर नाराजगी जताई तो दलाल उनसे भिड़ गए। बात हाथापाई तक पहुंच गई, लेकिन वहां मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कराया। बसपा नेता ने 100 नंबर पर मामले की सूचना दे दी। इस पर पहुंची पुलिस ने विवाद कर रहे दलाल को खदेड़ दिया।
थानेदार विमल सिंह का कहना है कि सूचना पर पहुंचकर मामला शांत करा दिया गया था। इस मामले की कोई तहरीर नहीं दी गई है। मिलेगी तो लिखापढ़ी की जाएगी। उधर, बसपा नेता अजमेरी खां का कहना है कि उनकी गाड़ी की आरसी कई माह से नहीं दी जा रही है। उनका विवाद बाबू व अन्य से हुआ था। एआरटीओ दफ्तर में कार्य के प्रति मनमानी की जा रही है।