रायबरेली। हैदराबाद की घटना के बाद भी जिले की खाकी सबक नहीं ले रही है। जगतपुर थाना क्षेत्र में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म किया गया और फिर आरोपियों ने उसका वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया। पुलिस ने घटना को महज छेड़छाड़ में दर्ज किया।
इससे खफा पीड़ित परिवार बुधवार को पुलिस दफ्तर पहुंचा और कार्रवाई की मांग की। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी पक्ष मुकदमा वापस लेने की धमकी दे रहा है।
एएसपी ने सीओ डलमऊ को मामले में जांच करके आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। जगतपुर थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली किशोरी 19 नवंबर को धान की पिटाई करके खेत से घर वापस लौट रही थी।
पिता का आरोप है कि इसी बीच चार युवकों ने बेटी के साथ गैंगरेप किया। थाने में तहरीर दी गई, लेकिन पुलिस ने महज छेड़खानी में केस दर्ज कर लिया।
केस दर्ज होने के बाद आरोपियों ने बेटी को बदनाम करने की वजह से वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक नित्यानंद राय ने बताया कि सीओ डलमऊ आरपी शाही से घटना की जांच करके प्रकरण में उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। थानेदार हरिशंकर प्रजापति का कहना है कि उनकी तैनाती के पहले का मामला है। इस मामले में एफआईआर दर्ज थी। आरोपी सोनू को गिरफ्तार करके पहले ही जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है।