रायबरेली। जगतपुर इलाके में एक हिंदू युवती को पहले युवक अपने साथ ले गया और फिर उसका धर्म परिवर्तन करा दिया। पिता के भागदौड़ के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। मंगलवार को युवक युवती को लेकर कहीं ले जाने की कोशिश में था, तभी पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी युवक को जेल भेज दिया है।
जगतपुर के एक गांव के रहने वाले किसान के मुताबिक 28 अप्रैल को उनकी 18 वर्षीय बेटी नानी के घर गई थी। इसी दौरान हरदीटीकर गांव निवासी जान मोहम्मद उनकी बेटी को कहीं ले गया। 30 अप्रैल को प्रकरण की जानकारी होने पर बेटी की खोजबीन करता रहा। थाने में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई नहीं की।
मामला तूल पकड़ने पर पुलिस ने युवक के खिलाफ बेटी को ले जाने का केस दर्ज किया था। सीओ डलमऊ अरुण कुमार नौहवार के मुताबिक केस दर्ज करने के बाद युवती और युवक की तलाश की जा रही थी। सुबह सूचना मिली कि युवक युवती को लेकर कहीं जा रहा है।
पुलिस ने पहुंचकर युवती को तलाश कर आरोपी जान मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया। सीओ ने बताया कि पूछताछ में युवती ने बताया है कि युवक ने उसका धर्म परिवर्तन करा दिया है। साथ ही जबरन निकाह करने पर भी जोर दे रहा था। युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया गया है।