डीह सीएचसी में इलाज के लिए लाए गए बुजुर्ग रतीपाल।
परशदेपुर (रायबरेली)। खेत से घर लाैट रहे बुजुर्ग पर दो युवकों ने फायरिंग की। गोली लगने से बुजुर्ग लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीह पहुंचाया जहां से गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
छुवाबारा मजरे दोस्तपुर बुढ़बारा गांव निवासी रतीपाल उर्फ कल्लू (65) अपनी पत्नी रामवती के साथ मंगलवार शाम को खेत से घर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए दो अज्ञात युवकों ने रतीपाल पर तमंचे से फायरिंग की। इस दाैरान एक गोली रतीपाल की जांघ के ऊपरी हिस्से में धंस गई जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। वहीं घटना को अंजाम देकर हमलावर भाग गए।
गोली की आवाज सुन ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। ग्रामीणों के मुताबिक हमलावर युवक बाइक से थे और उन्होंने कुछ दूरी पर बाइक खड़ी कर दी थी। सूचना पर सलोन सीओ यादवेंद्र बहादुर पाल, डीह थानाध्यक्ष जीतेंद्र मोहन सरोज व चौकी इंचार्ज कृष्ण चंद्र घटनास्थल पर आए और पड़ताल की।
डीह थानाध्यक्ष जीतेंद्र मोहन सरोज ने बताया कि बुजुर्ग को गोली मारी गई है। प्रथमदृष्टया किसी करीबी का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है।