रायबरेली। दीपावली के बाद काम पर लौटने वालों और छठ पूजा के लिए घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ के बीच बृहस्पतिवार को जिले से गुजरने वाली कई ट्रेनें घंटों विलंब से पहुंचीं। स्पेशल ट्रेनों के साथ नियमित ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को परेशानी हुई। बिहार जाने वाली ट्रेनों में बोगियां खचाखच भरी नजर आईं। भीड़ को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ के जवान प्लेटफॉर्म पर मुस्तैद रहे।
पटना-फीरोजपुर स्पेशल साढ़े साढ़े सात व चंडीगढ़-पूर्णिया स्पेशल पौने पांच घंटे विलंब से पहुंची। वाराणसी-दिल्ली स्पेशल ने भी एक घंटे इंतजार कराया। नियमित ट्रेनों में दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस पांच घंटे, सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस सवा तीन घंटे और देहरादून-बनारस जनता मेल तीन घंटे देरी से आई। प्रतापगढ़-चित्रकूट, लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी और शक्तिनगर-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस दो घंटे विलंब से पहुंचीं।
प्रयागराज-कानपुर इंटरसिटी डेढ़ घंटे, जबकि कानपुर-प्रयागराज इंटरसिटी सवा घंटे देरी से आई। अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल, चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार और टनकपुर-शक्तिनगर त्रिवेणी एक्सप्रेस ने भी एक घंटे इंतजार कराया। गोरखपुर-प्रयागराज वंदेभारत 40 मिनट और काशी विश्वनाथ व ऋषिकेश-प्रयागराज एक्सप्रेस 45 मिनट विलंब से पहुंचीं। जम्मू तवी-पटना अर्चना एक्सप्रेस में भीड़ रही और यह आधे घंटे से अधिक देर से आई।
यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि ट्रेनें पहले से विलंबित चल रही थीं। जीआरपी प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि भीड़ को देखते हुए सुरक्षाकर्मी तैनात हैं और गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।