शिवगढ़ (रायबरेली)। गोविंदपुर गांव में मंगलवार रात आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग में तीन लोग घायल हो गए। इनमें से एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस का दावा है कि जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि फायरिंग किसने की है।
गोविंदपुर गांव स्थित भैरवनाथ बाबा के स्थान पर हर साल की तरह 26 जनवरी को मेला लगता है। रात में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम हो रहा था। लोग अलाव ताप रहे थे। इसी बीच हर्ष फायरिंग कर दी गई। इससे आशाराम (30) और अनूप कुमार (18) समेत तीन लोग को गोली लग गई।
इसमें आशाराम के पैर में, जबकि अनूप कुमार की अंगुली में गोली लगी। एक युवक को गोली लगी, लेकिन वह दहशत के चलते मौके से भाग निकला। उसके नाम व पते की जानकारी नहीं हो पाई। दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से आशाराम को जिला अस्पताल भेजा गया।
थानेदार धीरेंद्र यादव ने बताया कि घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचकर जांच की। फायरिंग में तीन लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि किसी व्यक्ति के हाथ में अवैध असलहा था, जिससे फायरिंग हुई। मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।