खीरों (रायबरेली)। ब्लॉक क्षेत्र के देवगांव के बाहर खेतों में अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
गैस एजेंसी के गोदाम के निकट आग लगने से लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर तहसील और स्थानीय पुलिस के साथ-साथ दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद पर काबू पाया।
देवगांव निवासी शिवशंकर चौधरी के खेत में शनिवार को दोपहर आग लग गई। इनके खेत के निकट गैस एजेंसी का गोदाम भी हैं। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग ने दीपू तिवारी, बिश्वास सिंह, रज्जन सिंह, राजबाला सिंह, बजरंगी साहू के खेत को अपनी चपेट में ले लिया। किसी अनहोनी से बचने के लिए घटना की जानकारी जिलाधिकारी, फायर ब्रिग्रेड व थानाध्यक्ष खीरो को दिया।
इसके बाद कानूनगो सुरेंद्र तिवारी, लेखपाल दिनेश कुमार, खीरों थानाध्यक्ष आदर्श कुमार मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया।
इस दौरान फायर ब्रिग्रेड की टीम भी मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। आग से करीब एक बीघे फसल जली। इसके अलावा चार बीघा में भूसा बनाने के लिए खड़ी फसल जल गई। क
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, फसल व भूसा जला
अमावां(रायबरेली)। कुमेदान का पुरवा गांव के पास हाईटेंशन लाइनों से गिरी चिंगारी से गेहूं की फसल व भूसा जल गया। कुमेदान का पुरवा गांव के पास से कई बिजली की लाइनें निकली हैं।
इनमें किसी लाइन में हुई शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे पांच बीघा गेहूं की फसल का भूसा जल गया। मचितपुर निवासी श्रवण का ढाई बीघा, पूरे कुमेदान गांव निवासी जगदीश एक बीघा, खरथोलवा गांव निवासी संते का 14 विस्वा ,मैनूपुर गांव निवासी त्रिभुवन का 14 विस्वा गेहूं जल गया।
आग लगने से गृहस्थी जली
जगतपुर। ब्लॉक क्षेत्र के सिंघापुर भटौली में गांव निवासी सुशीला के छप्पर में अचानक आग लग गई। इससे आग की लपटें तेज हो गई। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक छप्पर के अलावा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित ने बताया कि आग से धान की बोरिया, चारपाई, कपड़े समेत अन्य सामान जला है। उसने बताया कि करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।