हरचंदपुर (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के पूरे नाई मजरे पैड़ेपुर गांव में रविवार को बिजली के शॉर्टसर्किट से भड़की चिंगारी ने तीन घरों की गृहस्थी स्वाहा कर दी। पड़ोस के कुछ अन्य घर भी चपेट में आए, लेकिन ज्यादा नुकसान नहीं हुआ।
फायर ब्रिगेड की टीम ने आग को बुझाया। अग्निकांड में हुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है, ताकि पीड़ितों को मदद दिलाई जा सके। क्षेत्रीय विधायक ने पीड़ितों को सहायता राशि बांटी।
गांव निवासी रामकिशन के घर बिजली के केबल में अचानक शॉर्टसर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारी आग की लपटों में बदल गई। इससे पहले कि ग्रामीण आग के बुझा पाते, आग ने पड़ोसी मिथिलेश तथा चंद्ररोज के घर को भी चपेट में ले लिया।
तीनों घरों की पूरी गृहस्थी स्वाह हो गई। साथ ही 25 हजार रुपये भी जल गए। आग की लपटों से चंद्रवती, माधुरी, चंदन, सोनेलाल, छोटेलाल के घरों को भी थोड़ा नुकसान पहुंचा है। फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई।
क्षेत्रीय लेखपाल ओमप्रकाश मिश्रा ने बताया कि नुकसान का आकलन कर पीड़ितों को मदद दिलाने के लिए रिपोर्ट भेजी गई है। क्षेत्रीय विधायक राकेश प्रताप सिंह ने पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री और नगद धनराशि दी। उन्होंने बताया कि जल्दी ही सरकारी सहायता भी दिलाई जाएगी।
निसगर के जंगल में लगी आग
सरेनी (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के निसगर गांव के जंगल में रविवार को दोपहर में आग लग गई। दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले आग की लपटों ने सूर्य कुमार की 10 बिस्वा एवं सुशील कुमार की दो बिस्वा फसल, शिव शंकर की चारपाई व चारा मशीन जलकर राख हो गई।
फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मदद से आग बुझाई। राजस्व निरीक्षक सत्यभान शुक्ला ने बताया कि आग से लगभग एक एकड़ जंगल जल गया। तीन किसान की फसल व संपत्ति का नुकसान हुआ है। नुकसान का आंकलन कराने के लिए हल्का लेखपाल के साथ पूरी टीम भेजी गई है।
दस बीघा गेहूं की फसल हुई राख
डीह (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के ग्राम मदनपुर मजरे सराय मानिक में रविवार को दोपहर में आग लगने से 10 बीघा गेहूं की फसल राख हो गई। ग्रामीण बब्लू ओझा की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मदद से आग बुझाई।
आग से शिवशंकर, सिद्धनाथ ओझा, राजेंद्र, शिव बिहारी, बिपिन बिहारी, होरीलाल, रामबरन, रामबहादुर, श्रीराम, सूरजपाल, जितेंद्र कुमार, त्रिलोकी आदि किसानों की लगभग 10 बीघा गेहूं की फसल नष्ट हो गई। हल्का लेखपाल दिनेश त्रिवेदी, राजस्व निरीक्षक आदित्य कुमार मौर्या ने नुकसान का आकलन किया और बताया कि पीड़ितों को जल्दी सहायता दिलाई जाएगी।
आग की लपटों ने जलाई फसल
ऊंचाहार (रायबरेली)। क्षेत्र के पूरे नौबत लाल मजरे ऊंचाहार देहात में रविवार को हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी गेहूं के खेत में गिरी, जिससे आग लग गई। इससे शंकर लाल, जगशरण, शांति देवी, उदयराज, जियालाल, कल्लू यादव, बाले यादव, बहादुर लोधी, कलाम, सलाम, रामनिहोर, कलावती की फसल राख हो गई।
आग की तेज लपटें देख ग्रामीण हाथों में पानी से भरी बाल्टी लेकर खेतों की ओर दौड़े और आग बुझाने की कोशिश की। राजस्व विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी रही। एसडीएम राजेंद्र शुक्ला ने बताया कि अग्निकांड में हुए नुकसान का आकलन कराया जाएगा। पीड़ितों को हरसंभव सहायता दिलाई जाएगी।