राही (रायबरेली)। भदोखर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर कुचरिया गांव में शुक्रवार को संदिग्ध हालात में दुकान में आग लग गई। इससे करीब एक लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दमकल पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। दुकानदार का कहना है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। कई बार दुकान के बगल में लगे पोल को हटाने की मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
कुचरिया गांव के पास रोहित सिंह की मोबाइल और कास्मेटिक की दुकान है। दुकान के बगल में लगे बिजली के पोल के तारों में स्पार्किंग होने से निकली चिंगारी के कारण दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
इससे दुकान में रखा कास्मेटिक और मोबाइल सेट जल गए। पीड़ित ने बताया कि करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना पर दमकल कर्मचारी भी पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों ने तब तक आग पर काबू पा लिया। अवर अभियंता शंभूनाथ ने बताया कि दुकान से और पोल की दूरी करीब 15 मीटर है। खुले तारों की जगह एबीसी केबल लगी है। इसलिए शॉर्ट सर्किट होने का सवाल नहीं उठता है। मामले की जांच कराई जाएगी।