रायबरेली में बुधवार को डीह ब्लॉक के पूरे गोसाई गांव में बारातियों की आतिशबाजी से जला मकान व बचे हुए सामान को खोजती पीड़ित महिला।
- फोटो : अमर उजाला
डीह ब्लॉक क्षेत्र में मंगलवार रात शादी समारोह में आतिशबाजी में गोला दगाने से आग लग गई। इससे सात मकान जलकर राख हो गये। वहीं एक मवेशी भी जलकर मर गया। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग को बुझाया। अग्निकांड में पांच लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है।
ब्लॉक क्षेत्र के पूरे गोसाई मजरे डीह गांव में बारात आई थी। द्वारचार से पहले आतिशबाजी हो रही थी। इसी दौरान एक गोला गांव के छीटूलाल के छप्पर पर गिर गया। इससे आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने ने विकराल रूप धारण कर गांव की महराना, हरिकेश, रामकिशुन, बाबूलाल, कैलाश, प्रेमा के मकान को भी चपेट में ले लिया।
इससे गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की मदद से आग बुझाई गई। तब तक सातों मकान और महराना की एक बकरी जल कर मर गई। हरिकेश की दुकान जल गई। इस दौरान बाबूलाल का पुत्र अमरेश कुमार आपाधापी में छत से गिरकर घायल हो गया।