रायपुर महेरी गांव के पास शुक्रवार की देर रात आग लगने से जली बोलेरो।
रायबरेली। रायबरेली-प्रतापगढ़ हाईवे पर रायपुर महेरी गांव के पास शुक्रवार रात चलती बोलेरो में आग लग गई। देखते ही देखते बोलेरो जल गई। गनीमत रही कि बोलेरो सवार लोग गाड़ी रोककर उतर लिए। दमकलकर्मियों ने पुलिस की मदद से आग पर काबू पाया। हाईवे पर घटना से लोगों में अफरातफरी रही।
रात करीब 12 बजे बोलेरो ऊंचाहार से होते हुए दरियापुर चौराहे से सलोन की तरफ जा रही थी। हाईवे पर रायपुर महेरी गांव के पास अचानक बोलेरो में आग लग गई। चालक जमुनापुर निवासी वैभव सिंह ने गाड़ी रोक दी। उसके तीन साथी नितिन सिंह, अनुभव पाल व सचिन भी गाड़ी से नीचे उतर आए।
आग की लपटें इस कदर थी कि आसपास के लोग आग बुझाने में नाकाम रहे। पुलिस और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। भदोखर थाना प्रभारी राकेशचंद्र आनंद ने बताया कि आग लगने की सही वजह सामने नहीं आई है। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी है।