सतांव। खाद्य सुरक्षा अधिकारी की बातचीत रिकॉर्ड कर सामाजिक मंच पर प्रसारित की गई। इस आरोप में विश्व सनातन सेना के प्रदेश अध्यक्ष संजय उपाध्याय समेत तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज हुई है। संजय उपाध्याय का कहना है कि यह प्राथमिकी मिलावटी छेना की शिकायत के बदले दर्ज हुई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंचनलता तिवारी ने 27 अगस्त को कोरिहर में मिलावटी छेना बनाए जाने की सूचना पर अनिल छेने वाले के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। इस दौरान विजय प्रताप सिंह, संजय उपाध्याय और रमेश श्रीवास्तव समेत करीब 25 लोग मौके पर मौजूद थे। रमेश श्रीवास्तव ने अधिकारी पर जल्द कार्रवाई का दबाव बनाया।
विजय प्रताप सिंह ने मना करने के बावजूद कार्रवाई का वीडियो बनाया और फोटो खींचे। निरीक्षण के बाद इन तीनों ने अधिकारी से 5000 रुपये मांगे। पैसे न देने पर उन्होंने वीडियो प्रसारित करने की धमकी दी। अधिकारी ने सरकारी कार्य बताकर पैसे देने से इन्कार कर दिया। एक सितंबर को अधिकारी को पता चला कि उनकी बातचीत की क्लिप सोशल साइट पर डाल दी गई है।
इसमें उनकी फोटो और निजी मोबाइल नंबर भी था। इसके बाद उन्हें कई अनजान नंबरों से फोन आने लगे। इस घटना से उन्हें अत्यधिक मानसिक तनाव पहुंचा। गुरुबख्शगंज थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।