चौकी क्षेत्र के भगवतपुर में गुरुवार की रात हुए हंगामे और तोड़फोड़ के मामले में शुक्रवार को एक बीडीसी प्रत्याशी समेत दो लोगों ने एफआईआर दर्ज कराई है।
पुलिस ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र बहादुर सिंह और परशदेपुर नगर पंचायत अध्यक्ष जमाल अख्तर समेत 28 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि भगवतपुर में गुरुवार की रात मतदाताओं में शराब बांटने को लेकर जमकर हंगामा और वाहनों में तोड़फोड़ हुई थी। निनावां से बीडीसी प्रत्याशी विशाल ने शुक्रवार को पूर्व ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र बहादुर सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष जमाल अख्तर और अनिल सिंह के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है।
प्रत्याशी का आरोप है कि वह भगवतपुर में प्रचार कर रहा था, इस दौरान आरोपियों ने उससे गाली-गलौज और अभद्रता की। वहीं दूसरी ओर से मिल एरिया थाना क्षेत्र के प्रगतिपुरम निवासी राघवेंद्र सिंह का आरोप है कि वह निनावां से बीडीसी का चुनाव लड़ रही पूर्व ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र बहादुर की पत्नी ऊषा सिंह का प्रचार कर रहे थे।
प्रचार के दौरान बारा के राजू सिंह, विशाल सिंह, देवेश सिंह, अंकेत सिंह और प्रखर निवासी दोस्तपुर बुड़वारा अपने 23 अन्य साथियों के साथ मिलकर हंगामा शुरू कर दिया।
उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। चौकी इंचार्ज यादुवेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।