रायबरेली। किसान की मौत के बाद हुए सड़क जाम और पुलिसकर्मियों से धक्कामुक्की करने के मामले में 173 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है।
छिछौरा मजरे अलावलपुर निवासी सुरेश कुमार (55) की बीते 19 मार्च को तबीयत बिगड़ने पर मौत हो गई थी। इससे गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए जगतपुर-डलमऊ मार्ग पर विश्वनाथगंज गांव के पास सड़क जाम कर दी थी। समझाने पर पुलिसकर्मियों के साथ धक्कामुक्की की थी। सभी मुआवजे की मांग कर रहे थे।
पुलिस-प्रशासन के अफसरों के मुआवजे की मांग पूरा करने के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोला था। मार्ग जाम से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। पोस्टमार्टम हाउस में भी पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की थी।
जगतपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि सिपाही अमन कुमार की तहरीर पर नीरज निर्मल, सर्वेश पटेल पुत्र रामपाल, सर्वेश पुत्र शिवकरन, शिवबचन, सोहनलाल, पिंकी, निक्की, सुनीता, माया, सावित्री, अंकित पटेल, शिवम, रमेश, शैलेंद्र, इंद्रजीत, अरुण, विपिन, ननकऊ, छोटेलाल समेत 23 लोग नामजद व 100-150 अज्ञात पुरुष-महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जांच बाद मामले में कार्रवाई होगी।