रायबरेली। सलोन तहसील क्षेत्र के चार किसानों को पराली जलाना महंगा पड़ गया। तहसील प्रशासन ने इन किसानों पर जुर्माना वसूलने के साथ ही शांतिभंग की कार्रवाई की। तहसील प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि किसान खेतों में पराली जलाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के नुरुद्दीनपुर गांव में एक व पक्सरांवा गांव में तीन किसान पराली जला रहे थे। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तहसीलदार रामकुमार शुक्ल को दी। इसके बाद उन्होंने क्षेत्रीय लेखपालों को मौके पर भेजकर इन किसानों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे और पराली जलाने वाले किसान अनिल कुमार द्विवेदी निवासी नुरद्दीनपुर व रमेश, धर्मवीर, मुमताज निवासी पक्सरांवा को सलोन तहसील लेकर पहुंचे। तहसीलदार के निर्देश पर किसानों को पराली जलाने के जुर्म में ढाई-ढाई हजार रुपये जुर्माना भरना पड़ा। इन सभी किसानों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई भी की गई। चारों किसानों को ग्रामीणों को पराली न जलाने के लिए जागरुक करने का निर्देश दिया गया।