रायबरेली। दीवानी कचहरी में सोमवार की शाम दवा चोरी के मामले में पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट में पेश करने गए दरोगाओं व सिपाहियों के साथ मारपीट की गई। रंगदारी के एक मामले में घर पर दबिश देने पर सपा नेता ने साथियों के साथ मिलकर पुलिस कर्मियों पर धावा बोला। इससे अफरातफरी मच गई। किसी तरह पुलिस कर्मियों ने भागकर जान बचाई। कोतवाल ने पहुंचकर घटना की जांच की और मामला शांत कराया। मुंशीगंज चौकी इंचार्ज ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने मामले में केस दर्ज करके कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
भदोखर थाना क्षेत्र के मनेहरू गांव निवासी अधिवक्ता एवं सपा नेता के खिलाफ भदोखर थाने में एक सरकारी शिक्षक से रंगदारी मांगने, धमकी देेने का केस कुछ माह पहले दर्ज कराया गया था। इस मामले में पुलिस ने धरपकड़ के लिए सपा नेता के घर पर दबिश दी थी। सोमवार को मुंशीगंज चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह यादव, शबीब और सिपाही अनुराग अग्निहोत्री, विजय विश्वकर्मा समेत सात सिपाही दवा चोरी के मामले में पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट में पेश करने गए थे। इस दौरान वहां पर मौजूद सपा नेता ने साथी अधिवक्ताओं के साथ मिलकर पुलिस कर्मियों पर धावा बोलते हुए उनके साथ मारपीट की।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल राघवन कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर प्रकरण की जांच की। कचहरी में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई। मुंशीगंज चौकी इंचार्ज ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि सपा नेता ने 25 से 30 अधिवक्ताओं के साथ मिलकर धावा बोलकर हम लोगों के साथ मारपीट की। भदोखर थानेदार यशकांत सिंह ने बताया कि थाने में तैनात पुलिस कर्मी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने गए थे। इसी दौरान सपा नेता ने साथियों संग मिलकर उनके साथ मारपीट की। पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि दीवानी कचहरी में पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट हुई है। प्रकरण को गंभीरता से लिया गया है। सदर कोतवाली में केस दर्ज कराया जा रहा है। पूरे घटनाक्रम की जांच भी कराई जा रही है। मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।