अमेठी जिले के बहादुरपुर ब्लॉक क्षेत्र से होकर गुजरी डीह नहर में ज्यादा पानी छोड़े जाने से हुए उफान से पटरी कट गई। जिससे पांच बीघे गेहूं की फसल जलमग्न हो गई। ग्रामीणों की शिकायत के बाद भी सिंचाई विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे है।
इससे किसानों में जबरदस्त नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि इसी तरह पानी बहता रहा तो गांव तक पानी पहुंच जाएगा और बाकी खेतों में भी पानी भर जाएगा।
बहादुरपुर ब्लॉक क्षेत्र के पूरे बादे गांव के बगल से निकली डीह नहर में रविवार रात ज्यादा पानी आ जाने से कुलाबा नंबर 17 के पास पटरी कट गई। इससे आसपास के खेतों में पानी भर गया। ग्रामीणों के मुताबिक यदि समय रहते पानी नहीं बंधा गया तो पूरे वादे गांव तक पानी पहुंच जाएगा।
किसान महावीर, अवधेश कुमार गोस्वामी, राजेश कुमार व राजकली ने बताया कि जहां पर पाइप डाली गई हैं। वहां पर पहले से कुलाबा बना है। कुलाबे का पाइप पतला है। इससे पानी लगाने में समय लगता है। इसलिए कुछ दबंगों ने मोटा पाइप डाल रखा है, जिससे पटरी कट गई।
ग्रामीणों ने इसकी शिकायत भी अधिकारियों से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसडीएम, तिलोई सूर्यकांत त्रिपाठी का कहना है कि डीह नहर की पटरी कटने और फसल डूबने के मामले की जानकारी नहीं है। पटरी जल्द बंधवाई जाएगी और संबंधित जेई से जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।