रायबरेली। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर बुधवार शाम एसयूवी की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत हो गई। हादसे में पत्नी घायल हो गई। टक्कर मारने के बाद एसयूवी सड़क पर पलट गई। चालक मौके से भाग निकला।
महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के सुजातगंज बल्ला गांव निवासी नागेश्वर (46) खेती करते थे। दोपहर करीब चार बजे नागेश्वर बाइक से पत्नी चंदा कुमारी (40) के साथ रायबरेली शहर से घर जा रहे थे। हाईवे पर महमदपुर गांव के पास लखनऊ से रायबरेली आ रही एसयूवी से टक्कर हो गई। टक्कर मारने के बाद एसयूवी सड़क के किनारे पलट गई। हादसे में बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को सीएचसी हरचंदपुर पहुंचाया, जहां नागेश्वर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। चंदा कुमारी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाइक सवार ने हेलमेट पहन रखा था। थाना प्रभारी आदर्श कुमार सिंह ने बताया कि एसयूवी को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।