रायबरेली। रायबरेली-अयोध्या हाईवे स्थित अमावां चौराहे पर बृहस्पतिवार सुबह दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। इसमें किसान की मौत हो गई, जबकि महिला समेत दो लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइकों के परखच्चे उड़ गए।घायलों को सीएचसी अमावां से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
मिल एरिया थाना क्षेत्र के पूरे मुसहा गांव निवासी रामसजीवन (55) पुत्र मिश्रीलाल खेती करते थे। सुबह रामसजीवन पूरे मोटा गांव स्थित डेयरी में दूध देने गए थे। दूध देने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। सधौना के पास विपरीत दिशा से चकदादर गांव निवासी कुलदीप यादव (30) अपनी रिश्तेदार सर्वोदय नगर की रहने वाली पूनम (25) के साथ बाइक से अमावां की तरफ जा रहे थे।
सुबह करीब नौ बजे अमावां चौराहे के पास दोनों बाइकें आपस में टकरा गईं। दोनों बाइकों पर सवार महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस के जरिये घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने रामसजीवन को मृत घोषित कर दिया।
कुलदीप और पूनम की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। मिल एरिया थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह का कहना है कि हादसे में एक किसान की मौत हो गई। तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।
थम नहीं रहे परिजनों के आंसू
किसान रामसजीवन पर ही परिवार चलाने की जिम्मेदारी थी। उनकी मौत से परिजनों के आंसूू नहीं थम रहे हैं। चार बेटियों गीता, संगीता, रीता, लाली की शादी हो चुकी है। पत्नी कमलेश कुमारी और बेटों कुलदीप, अंकित, हर्षित के अलावा बेटियों में रोना पीटना मचा है।
बिलख रही पत्नी की जुबां से यही शब्द निकल रहे हैं कि हर दिन वह दूध बेचने डेयरी पर जाते थे और घर लौट आते थे। इस बार कैसे क्या हो गया, कुछ समझ में नहीं आ रहा है। किसान की मौत की खबर सुनकर घर पर नाते-रिश्तेदारों का भी आना-जाना लगा है।