बछरावां थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस स्कॉर्ट की तेज रफ्तार जीप की टक्कर से एक साइकिल सवार किसान की मौत हो गई। मृतक लखनऊ जिले के नगराम थाना क्षेत्र का रहने वाला था और बछरावां थाना क्षेत्र स्थित अपने खेत जा रहा था। पुलिस ने जीप और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।
लखनऊ जनपद के भजाखेड़ा थाना नगराम के रहने वाले किसान राम अधार (55) की बछरावां थाना क्षेत्र के गुरुबक्शखेड़ा गांव में खेत हैं। बुधवार को वह खेतों सिंचाई के लिए पाइप लेकर साइकिल से खेत जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर चुरुआ गांव के पास लखनऊ की तरफ से आ रही सफेद रंग की जीप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
सूचना पर पहुंचे परिवारीजन उसे सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानेदार विमल कुमार ने बताया कि जीप पुलिस स्कॉर्ट में चलती है। लखनऊ निवासी जीप चालक विमलेश साहू परिवारीजनों को लेकर विंध्याचल जा रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया। चालक को पकड़ लिया गया है। वहीं जीप भी पुलिस के कब्जे में है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।
वहीं अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार रात ट्रक की टक्कर से पिता की मौत हो गई, जबकि बेटा घायल हो गया। फुरसतगंज थाना क्षेत्र के पोठई गांव निवासी रामदेव गुप्ता रात में बेटे राकेश के साथ बाइक से घर जा रहा था। मोहनगंज क्षेत्र के अलईपुर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
इससे गंभीर रूप से घायल रामदेव की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा राकेश घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत भाग गया। थानेदार रामराघव सिंह का कहना है कि तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।