लालगंज कोतवाली क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद गमगीन परिजन।
लालगंज। डलमऊ रोड पर दतौली गांव के पास बृहस्पतिवार रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत भाग निकला।
सेमरपहा गांव के पूरे अवसेरी मजरे निवासी अशोक कुमार यादव (45) बृहस्पतिवार रात बाइक से डलमऊ रोड पर जा रहे थे। दतौली गांव के पास डलमऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अशोक के सिर में गंभीर चोट आई। राहगीरों की मदद से उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया। वहां से जिला अस्पताल और फिर लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
लोगों के मुताबिक अशोक ने हेलमेट नहीं पहना था। उनकी मौत से पत्नी कुसमा यादव और इकलौते बेटे शैलेश कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ सुजीत राय ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। चालक का पता लगाया जा रहा है।
लालगंज कोतवाली क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद गमगीन परिजन।