नसीराबाद। बिरनावां गांव में सोमवार रात किसान को पहले डंडा-सरिया से पीटा और फिर गोली मार दी। गोली किसान को दाएं पैर के नीचे घुटने में लगी, जिससे वह घायल हो गया। फायरिंग से दहशत फैल गई। पुलिस ने पांच हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
नसीराबाद थाना क्षेत्र के बिरनावां गांव निवासी उदय प्रताप सिंह से कुछ लोगों की रंजिश चल रही है। रात करीब 11 बजे उदय प्रताप को जान से मारने की नीयत से चार पहिया वाहन सवार पांच लोग गांव पहुंचे। उस समय उदय प्रताप घर पर नहीं थे। चार पहिया गाड़ी घर के बाहर पहुंची तो भोजन कर रहे उदय के चचेरे भाई सूर्य प्रताप सिंह (52) बाहर निकले।
इससे पहले कि सूर्य प्रताप कुछ समझ पाते, हमलावरों ने लाठी व सरिया से हमला कर उन्हें पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद तमंचे से गोली मार दी। इससे सूर्य प्रताप जमीन पर गिर गए। परिजनों ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ.आशीष कुमार ने बताया कि पैर में गोली के छर्रे लगे हैं।
थाना प्रभारी बालेंदु गौतम ने बताया कि घटनास्थल से जांच के दौरान कारतूस का खोखा बरामद हुआ है। पीड़ित की तहरीर पर निलय सिंह, हर्षित अग्निवंशी, विशाल कनौजिया, आदी सिंह, अमनलाला निवासी रायबरेली शहर के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज किया गया है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।