ऊंचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के सेमरी रनापुर गांव की एक महिला खेत में बेहोशी की हालत में मिली। घर वाले उसे लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची मृतका की मां ने पति व उसके घर वालों पर बेटी को मार डालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के सेमरी रनापुर गांव निवासी कल्पना (35) पत्नी दिनेश कुमार सोमवार को खेत गई थी। बताते हैं कि दोपहर बाद वह खेत में बेहोशी की हालत में पाई गई। जानकारी होने पर घर वाले इलाज के लिए उसे सीएचसी ले गए, लेकिन डॉक्टर ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। इससे परिवारीजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची उसकी मां सुशीला देवी ने पति व उसके घर वालों पर बेटी को जान से मार डालने का आरोप लगाया। उसने पुलिस को इसकी सूचना दी।
मां का आरोप है कि बेटी की शादी 15 वर्ष पहले हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही पति व उसके घर वाले उसके साथ मारपीट करते थे। उसके बताने पर बेटी को थाने में शिकायत के लिए भी कहा था, लेकिन वह थाने नहीं गई और प्रताड़ना सहती रही। सोमवार को ससुरालियों ने उसको जान से मार दिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है। सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि महिला के मायके वालों ने ससुरालीजनों पर जान से मार डालने का आरोप लगाया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पता चलेगी।