रायबरेली। परिवहन निगम हिंदी प्रेमियों को बड़ी राहत देने वाला है। हिंदी के युग प्रवर्तक आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी की जन्म स्थली दौलतपुर (सरेनी) की बस का किराया 20 प्रतिशत कम होगा। इसके लिए डिपो से प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। पांच और रूटों पर भी बसों का किराया कम करने का निर्णय लिया गया है।
वर्तमान समय में दौलतपुर से रायबरेली का किराया 92 रुपये है। जनता सेवा में किराया 20 प्रतिशत कम हो जाएगा। शासन से हरी झंडी मिलते ही इन रूटों पर मुख्यमंत्री जनता सेवा बस का शुभारंभ किया जाएगा। परिवहन निगम ने मुख्यमंत्री जनता सेवा के रूप में बसों का संचालन करने का निर्णय लिया है। गांवों में रुकने वाली बसों को 20 प्रतिशत कम किराए पर संचालित कराया जाएगा।
शासन की मंशा पर जिले में छह रूटों पर जनता सेवा संचालित करने का प्रस्ताव बनाया गया है। इसमें हिंदी के युग प्रवर्तक आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी की जन्म स्थली दौलतपुर को भी शामिल किया गया है। हिंदी प्रेमियों की मांग पर दौलतपुर से कुछ माह पहले ही बस सेवा संचालित की गई है।
यहां चलेगी जनता सेवा बस
रूट दूरी फेरे
दौलतपुर-भोजपुर-रायबरेली 62 04
धानीखेड़ा-रायबरेली 77 04
धई-रायबरेली-फतेहपुर 94 02
सिरसाघाट-लालगंज-रायबरेली 53 04
मांझगांव-रायबरेली-नसीराबाद 88 06
सरेनी-खीरों-रायबरेली 55 04
आज से लगेगा पुस्तक मेला
आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी स्मृति न्यास एवं फिरोज गांधी कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में फिरोज गांधी कॉलेज प्रांगण में एक नवंबर (आज) से नौ नवंबर तक पुस्तक मेला लगेगा। न्यास के सचिव गौरव अवस्थी ने बताया कि मेले में अलग-अलग दिनों में लोकगीत, लोकनृत्य, सांस्कृतिक संध्या, कवि सम्मेलन, मुशायरा आदि आयोजन होंगे। युग प्रवर्तक से संबंधित पुस्तकों का मेले में भंडार होगा।
जिले में छह रूटों पर मुख्यमंत्री जनता सेवा संचालित करने का प्रस्ताव है। प्रस्ताव को तैयार करके शासन को भेजा गया है। पास होते ही 20 प्रतिशत कम किराए वाली बसों का संचालन शुरू कराया जाएगा।
- दिनेशचंद्र श्रीवास्तव, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक