रायबरेली में बुधवार को झूलेलाल जन्मोत्सव पर डांस करती युवतियां।
- फोटो : अमर उजाला
सिंध समाज की ओर से झूलेलाल का जन्मोत्सव बुधवार को धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान संत कंवरराम विद्यालय में कलश स्थापना की गई। वहीं गुरुनानक नगर से शोभायात्रा निकली, जो प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान युवक-युवतियों ने डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शोभायात्रा का जगह-जगह फूलों की बरसा कर स्वागत किया गया। सिंध समाज के भगवान झूलेलाल को हिंदू धर्म मान्यता के अनुसार वरुण देवता का रूप माना जाता है। सबसे पहले गुरुनानक नगर स्थित संत कंवर राम विद्यालय में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश स्थापना की गई।
दोपहर बाद गुरुनानक नगर से शोभायात्रा निकली। रेलवे स्टेशन, घंटाघर होते हुए शोभायात्रा सुपर मार्केट पहुंची, जहां भव्य स्वागत किया गया। नगर पालिका चेयरमैन इलियास, उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष पंकज मुरारका, सुरेंद्र वर्मा, हरीश अवस्थी आदि ने स्वागत किया।
इस दौरान नवरात्र पर कन्या भोज, जोकर, सेना के जवान आदि की झांकी ने लोगों को मंत्रमुग्ध किया। कलाकारों ने रास्तेभर नृत्य किया तो स्थानीय युवा भी थिरकने लगे। शोभायात्रा सुपर मार्केट के बाद अस्पताल चौराहे होते हुए राजघाट स्थित सई नदी में कुनणी विसर्जन के लिए पहुंची। इस मौके पर समाज के संरक्षक विशंभर जीवनानी, अध्यक्ष संतोष चैनानी, खेमचंद्र लखमानी, राजेश चंदानी आदि मौजूद रहे।