280 किलो घटिया पनीर कराया गया नष्ट।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
यूपी के रायबरेली में घटिया पनीर बनाकर लोगों की सेहत बिगाड़ने का कारोबार थम नहीं रहा है। शहर क्षेत्र में कार्रवाई के बाद अब खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफएसडीए) की टीम ने सलोन क्षेत्र के घोसी का पुरवा में पनीर बनाने की फैक्टरी में छापा मारा। यहां 280 किलो घटिया पनीर बरामद हुआ।
जांच में प्रथम दृष्टया मानकों पर खरा न उतरने पर पूरा पनीर नष्ट करा दिया गया। साथ ही नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। फैक्टरी को बंद कराने के साथ ही लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंचनलता तिवारी व सौरभ उत्तम की टीम ने पुलिस की मौजूदगी मो. शाहिद की पनीर फैक्टरी में छापा मारा। इस दौरान पनीर गंदे पानी में रखा मिला। उस पर मक्खियां भिनभिना रही थीं। मौके पर ही टीम ने गुणवत्ता की जांच की।
जांच में पनीर मानकों पर खरी नहीं उतरा। करीब 280 किलो पनीर को जब्त करने के बाद उसे नष्ट करा दिया। टीम ने पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। फैक्टरी को भी बंद करा दिया गया।
सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय डॉ. सीआर प्रजापति ने बताया कि पनीर को नष्ट कराने के साथ ही फैक्टरी बंद करा दी गई है। लाइसेंस को भी निलंबित किया जा रहा है। नमूने की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।