रायबरेली। डीएम वैभव श्रीवास्तव ने बुधवार सुबह 9.45 से 10 बजे के बीच शहर के इंजीनियरिंग विभागों में छापा मारा। मध्य कार्यालय अधिशासी अभियंता शारदा नहर खंड दक्षिणी, शारदा सहायक खंड-6, शारदा सहायक खंड-45, लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड, निर्माण खंड-1 व निर्माण खंड-2 सहित सभी छह इंजीनियरिंग विभागों के अधिशासी अभियंता और 40 से अधिक कर्मचारी गैरहाजिर मिले। डीएम ने सभी का वेतन रोकते हुए नोटिस देकर जवाब देने के आदेश दिए हैं।
डीएम ने बुधवार सुबह सबसे पहले अधिशासी अभियंता शारदा नहर खंड दक्षिणी का निरीक्षण किया। यहां चौकीदार वेद प्रकाश श्रीवास्तव, मनीष कश्यप, रामेश्वर मुंशी उपस्थित मिले। अधिशासी अभियंता निरीक्षण के समय कार्यालय पर आ गए। निरीक्षण के दौरान कार्यालय सिंचाई खंड-6 में बंद होने के बावजूद चौकीदार प्रदीप सोनी व सफाई कर्मी राजेश कुमार उपस्थित मिले। सिंचाई विभाग के अन्य कार्यालयों में सन्नाटा मिला।
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अलावा खंड एक और दो भी बंद मिले। यहां भी चपरासी राजकुमार शर्मा व बाबूलाल उपस्थित मिले। निरीक्षण के समय सभी छह कार्यालयों के बंद होने और अधिकारियों व कर्मचारियों के गैरहाजिर मिले पर डीएम ने अधिशासी अभियंताओं व गैरहाजिर कर्मचारियों का वेतन रोक दिया। सभी को नोटिस देकर जवाब देने के आदेश दिए हैं। डीएम ने मौके पर मिले आठ कर्मचारियों के अलावा सभी अफसरों व कर्मचारियों केे वेतन पर रोक लगा दी।