फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

30 हजार पात्रों के नाम में त्रुटियां, हो रहे परेशान

विज्ञापन
विज्ञापन
रायबरेली। ये तो नमूने मात्र हैं। आयुष्मान भारत योजना में यह पेंच पात्रों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। योजना में नाम संशोधन की व्यवस्था न होने के कारण ऐसे पात्रों को न तो गोल्डन कार्ड जारी हो पा रहा है और न ही उन्हें पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज का लाभ ही मिल रहा है।
विज्ञापन

जिले में ऐसे 30 हजार से अधिक लाभार्थी हैं जिसके नाम में त्रुटि है। विभाग चाहकर भी इसके नामों में सुधार नहीं कर सकता है। यदि नाम संशोधन करके कार्ड बनाने के लिए ऑनलाइन अप्रॅूलव कराने का प्रयास भी किया जाता है तो वह रिजेक्ट हो जाता है। रोजाना गोल्डन कार्ड बनवाने के लिए कैंप में पहुंचने वाले गरीबों को इस परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सेक-2011 में दर्ज नाम के हिसाब से ही आयुष्मान योजना के तहत कैशलेस इलाज के लिए पात्रों को चिह्नित किया गया है। सेक सूची में तमाम गरीबों के नाम गलत अंकित हो गए हैं। इसका खामियाजा अब पात्रों को भोगना पड़ रहा है। आधार और राशन कार्ड में नाम सही होने के बाद ही योजना से उन्हें वंचित रहना पड़ रहा है।
विज्ञापन

जब तक गोल्डन कार्ड जारी नहीं होगा, तब तक पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज का लाभ नहीं मिल सकता है। गोल्डन कार्ड बनाने में पात्रों को मशीन में आधार नंबर दर्ज करके अंगूठा लगाना पड़ता है। यदि आयुष्मान भारत योजना और आधार में दर्ज नाम में थोड़ा भी अंतर है तो गोल्डन कार्ड रिजेक्ट हो जाता है।
योजना में अब तक नाम के संशोधन की व्यवस्था तक नहीं की गई है। ऐसी स्थिति में नाम में त्रुटि वाले पात्रों को योजना से वंचित रहना पड़ रहा है। शहर के वार्ड संख्या 12 की रहने वाली सुमित्रा सोमवार को जिला अस्पताल के सेंटर पर आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड बनवाने पहुंची तो योजना में उसका नाम सुनीता मिला।
आधार में सुमित्रा और योजना में नाम सुनीता होने के कारण उसका गोल्डन कार्ड नहीं बन सका। सुमित्रा का कैशलेस इलाज का लाभ भी नहीं मिल सकता है। ऊंचाहार सीएचसी में लगे गोल्डन कार्ड बनाने के कैंप में पंडित का पुरवा के राज कुमार गोल्डन कार्ड बनवाने पहुंचे तो योजना की सूची में नाम राजा कुमार मिला।
राज कुमार का भी गोल्डन कार्ड नहीं बन सका। क्योंकि उसके आधार और आयुष्मान योजना की सूची में नाम अलग-अलग है। ऐसे में राज कुमार भी वापस लौट आया। राही के रहने वाले श्रीराम ने इधर-उधर भटकने के बाद भी गोल्डन कार्ड नहीं बना तो आईजीआरएस पर आयुष्मान भारत योजना की शिकायत ही कर दी।
आरोप लगाया है कि नाम पर त्रुटि दिखाकर उसका गोल्डन कार्ड नहीं बनाया जा रहा है। योजना का लाभ दिलाए जाने की मांग की है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शिकायत को निस्तारित करने में जुटे हैं। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के एक वर्ष पूरे होने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने प्रेस वार्ता कर आयुष्मान भारत योजना की उपलब्धि गिनाईं, लेकिन योजना में खामियों पर चुप्पी साध ली।
एसीएमओ व योजना के नोडल अधिकारी डॉ. नागेंद्र प्रसाद ने बताया कि योजना में 1350 विभिन्न बीमारियों का इलाज होता है। 3,01,513 परिवार चिह्नित किए गए हैं। इसमें 65000 गोल्डन कार्ड जारी किए गए हैं। इसके लिए विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। योजना में अमीरों के शामिल होने और नाम संशोधन के सवाल पर अधिकारियों ने कहा कि अब तक संशोधन के संबंध में कोई निर्देश नहीं मिले हैं।
आयुष्मान भारत के नोडल अधिकारी डॉ. नागेंद्र प्रसाद का कहना है कि यदि आधार और योजना की सूची के नाम में थोड़ा भी अंतर है तो गोल्डन कार्ड जारी नहीं हो सकेगा। योजना में इस समस्या के संशोधन के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है। न नए नाम जोड़े जा सकते हैं और न ही सूची से नाम हटाए ही जा सकते हैं। जिन लोगों को गोल्डन कार्ड जारी हो जाएंगे, उन्हीं को योजना का लाभ मिलेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें