ऊंचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर पिकअप और कार में आमने-सामने टक्कर हो गई। इससे कार सवार इंजीनियर की मौत हो गई जबकि उसके पांच परिवारीजन घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
नगर के खरौआ कुंआ वार्ड नंबर दो निवासी मो. सरवर अंसारी (48) दूरदर्शन के श्रीनगर कश्मीर चैनल में असिस्टेंट इंजीनियर के पद पर तैनात थे। उनका तबादला लखनऊ हो गया था। वह पत्नी अजरा बानो (47), पुत्री गुल्फ सा बानो (18), फातिमा (16), जिया (5) और पुत्र मो. साद (13) के साथ कार से लखनऊ से ऊंचाहार स्थित घर लौट रहे थे। सवैया तिराहे के निकट ऊंचाहार की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से कार की टक्कर हो गई। इससे कार सवार सभी लोग गंभीर घायल हो गए।
राहगीरों की मदद से घायलों को सीएचसी लाया गया जहां डॉक्टरों ने मो. सरवर अंसारी को मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी अजरा बानो को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज सीएचसी में चल रहा है। घटना के बाद पिकअप सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरबी यादव ने बताया है कि एक युवक को मृत अवस्था में यहां लाया गया था। घायल महिला को जिला अस्पताल भेजा गया है। कोतवाल पंकज तिवारी ने बताया कि पिकअप चालक वाहन छोड़ कर फरार हो गया। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।