रायबरेली। कानपुर-प्रयागराज पैसेंजर से बुधवार को मवेशी टकरा गया, जिससे इंजन में खराबी आ गई। ट्रेन को रोकना पड़ा। यह घटना बरारा बुजुर्ग हॉल्ट के पास हुई। किसी तरह जलालपुर धई स्टेशन तक ट्रेन पहुंचाई गई, लेकिन लोको पायलट ट्रेन को आगे बढ़ाने में नाकाम हुआ। करीब सवा घंटे तक ट्रेन खड़ी रही। दूसरा इंजन गढ़ी मानिकपुर से मंगवाया गया तब ट्रेन रवाना हो सकी।
कानपुर-प्रयागराज पैसेंजर डलमऊ स्टेशन तक आधे घंटे लेट थी। इसके बाद आगे बढ़ी तो बरारा बुजुर्ग हाॅल्ट के निकट ट्रेन की चपेट में मवेशी आ गया। इससे इंजन में खराबी आई। इस पर ट्रेन घटनास्थल पर ही रोक दी गई। बीच रास्ते में ट्रेन के खड़े होने से ऊंचाहार-लालगंज रेल मार्ग बाधित हो गया। यात्रियों ने भी नाराजगी जतानी शुरू कर दी। इस पर लोको पायलट ने किसी तरह ट्रेन को चलाने की कोशिश की और धीमी रफ्तार से जलालपुर धई स्टेशन पहुंचाया।
करीब डेढ़ घंटे विलंब से जलालपुर स्टेशन पहुंची ट्रेन को आगे बढ़ाने के लिए दूसरे इंजन की मांग की गई। गढ़ी मानिकपुर से दूसरा इंजन मंगाया। इसके बाद कानपुर-प्रयागराज पैसेंजर रवाना की गई तो यह ट्रेन पौने तीन घंटे लेट हो गई। अगले स्टेशनों पर इंतजार कर रहे यात्रियों को भी परेशानी हुई। यातायात निरीक्षक बाल मुकुंद ने बताया कि मवेशी के चपेट में आने से इंजन में खराबी आई, जिससे ट्रेन रोकी गई। दूसरा इंजन आने पर ट्रेन रवाना की गई।