लालगंज। कस्बे में अतिक्रमण के चलते क्षेत्रीय लोगों के साथ ही राहगीरों को आए दिन जाम में फंसने की परेशानी से जूझना पड़ता है। जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते मंगलवार को भी इस रूट पर करीब दो घंटे जाम लगने से आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। इससे लोगों को काफी परेशानी उठाना पड़ी।
सड़कों पर व्याप्त अवैध कब्जे व वाहनों की बेतरतीब पार्किंग से वाहन तो दूर पैदल तक चलना दुश्वार है। दोपहर करीब तीन बजे स्कूल से लौटते बच्चों, मरीजों व बाजार में जुटने वाली खरीदारों की भीड़ के कारण आए दिन लोगों की जाम में फंसने की समस्या से जूझना पड़ रहा है। अस्पताल मोड़ से लेकर करुणा बाजार चौराहा, रायबरेली रोड, रेलवे क्रॉसिंग तक दुकानदारों के साथ ठेला व खोमचा लगाने वालों ने आधी सड़क पर कब्जा कर रखा है। ऐसे में दुकानों के सामने गलत तरीके से खड़े वाहन जाम की दिक्कत को दो गुना तक बढ़ा रहे हैं। मंगलवार को दोपहर तीन से पांच बजे तक इस रूट पर जाम लगने से छोटे-बड़े सभी वाहन दो घंटे से अधिक समय तक जाम में फंसे रहे।
नगर निवासी इंद्रेश सिंह, दीपक सिंह, सनी सिंह, सौरभ बाजपेयी, राजेश शर्मा, विनय वर्मा, बृजेश शर्मा आदि ने बताया कि जाम के कारण कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। सभी ने अतिक्रमण की समस्या से छुटकारा दिला कर यातायात व्यवस्था को जाम मुक्त बनाने की मांग की है।
बेहटा चौराहा पर भी बढ़ी परेशानी
गेगासों गंगा पुल बंद होने के बाद फतेहपुर बिंदकी की ओर से आने वाले ट्रक अब उन्नाव के बक्सर और ऊंचगांव मार्ग होते हुए लालगंज पहुंच रहे हैं। भारी वाहनों की इस बढ़ती आवाजाही के कारण बेहटा चौराहा पर भी लोगों को आए दिन जाम की परेशानी से जूझना पड़ रहा है। जाम के कारण ओरी का पुरवा से लेकर बेहटा चौराहा तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। स्थानीय लोगों ने इस परेशानी से छुटकारा दिलवाने के लिए बेहटा चौराहा से हाईवे ओवरब्रिज तक डिवाइडर बनवाने की मांग की है।