डीह। कोतवाली पुलिस व एसओजी ने शनिवार रात बघौला गांव के पास मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। दोनों तरफ से हुई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया। जबकि उसका साथी मौके से चकमा देकर भाग निकला। बदमाश के दाहिने पैर के घुटने के पास गोली लगी है। पुलिस की मानें तो घायल बदमाश शुक्रवार को घेराबंदी के बीच डीह थाने को दरोगा को टक्कर मारकर भाग गया था। बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने अस्पताल पहुंचकर उससे पूछताछ की।
एसओजी टीम प्रभारी अमरेश कुमार त्रिपाठी, डीह थानेदार राकेश सिंह यादव, परशदेपुर चौकी इंचार्ज रावेंद्र सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि डीह क्षेत्र के बघौला गांव के पास बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में जमा हैं।
सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और बदमाशों की घेराबंदी की। पुलिस के पहुंचने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज निवासी सलमान के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। वहीं उसका साथी बाबी निवासी राहीटीकर थाना उदयपुर जिला प्रतापगढ़ मौके से भाग गया। घायल बदमाश को सीएचसी डीह के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घायल बदमाश ने ही शुक्रवार को डीह थाने के दरोगा अशोक कुमार को बाइक से टक्कर मार दी थी, जिससे वह घायल हो गए थे। सूचना मिलने पर दरोगा घायल बदमाश को ही पकड़ने गए थे। घायल दरोगा अशोक कुमार को सीएचसी के बाद जिला अस्पताल भेजा गया था। घायल बदमाश के खिलाफ प्रतापगढ़ जिले में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कराई जा रही है।