रायबरेली। रोजगार की तलाश में भटक रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उन्हें भटकने की जरूरत नहीं है। बस 21 जून को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गोरा बाजार पहुंच जाएं। यहां रोजगार मेला लग रहा है। साक्षात्कार में अगर चयन हो गया तो नोएडा में नौकरी करने का मौका मिलेगा।
प्रधानाचार्य अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में रोजगार दिवस पर 21 जून को रोजगार मेला लगेगा।
इसमें बहुराष्ट्रीय कंपनी ग्रैजियानो ट्रांसमिशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि आएंगे, जो अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेने के बाद उनका चयन करेंगे। यह कंपनी नोएडा में स्थापित है। यह भर्ती नोएडा के लिए की जाएगी। फिटर, टर्नर, मशीनिस्ट एवं ग्राइंडर के 60 पद रिक्त हैं।
संस्थान के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल प्रभारी सीएम श्रीवास्तव ने बताया कि कंपनी जिन अभ्यर्थियों को चयनित करेगी, उन्हें हॉस्टल, आने-जाने के लिए बस सुविधा, वर्ष में दो बार गर्मी व सर्दी के वर्दी शूज, चिकित्सा सुविधा मुहैया कराएगी।
प्रशिक्षण के दौरान 11500 व अन्य भत्ते दिए जाएंगे। रोजगार मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों की आयु 18 से 26 वर्ष होनी चाहिए। चयन के लिए लिखित परीक्षा भी ली जा सकती है।