जिला अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष में शुक्रवार रात दवा कारोबारियों और भाजपाइयोें ने गुंडागर्दी करते हुए खूब उत्पात मचाया। कक्ष में ड्यूटी कर रहे ईएमओ के साथ न सिर्फ मारपीट की, बल्कि इमरजेंसी में तोड़फोड़ की। यही नहीं ईएमओ को जान से मारने की धमकी दी।
शोरशराबा पर अन्य चिकित्सक व पुलिस मौके पर पहुंची तो चिकित्सक की जान बची। इमरजेंसी कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरे में किस तरह उत्पात मचाया गया, इसकी तस्वीर भी कैद हो गई। चिकित्सक का आरोप है कि हमलावर बाहर की दवा लिखने का दबाव बना रहे थे।
सुबह घटना की जानकारी होने पर डॉक्टरों ने कार्रवाई न करने पर हड़ताल करने का एलान कर दिया। पुलिस ने मामले में आठ हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। जिला अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष में शुक्रवार रात ईएमओ डॉ. संतोष सिंह ड्यूटी कर रहे थे।
इसी दौरान दवा कारोबारी और कुछ भाजपा कार्यकर्ता वहां पर पहुंच गए। आरोप है कि चिकित्सक से बाहर की दवा लिखने का दबाव बनाने लगे। चिकित्सक ने दवा लिखने से इंकार किया तो दवा कारोबारियों व भाजपाइयों ने ईएमओ की पिटाई करने के साथ जानमाल की धमकी दी।
साथ ही इमरजेंसी कक्ष में तोड़फोड़ की, जिससे शीशे टूट गए। इससे वहां पर मौजूद रोगियों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर सदर कोतवाल सुधीरचंद्र पांडेय के अलावा सीएमएस डॉ. एनके श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बीच-बचाव कराया। पुलिस के पहुंचने पर हमलावर फरार हो गए।
घटना की जानकारी से शनिवार सुबह जिला अस्पताल में तैनात समस्त डॉक्टरों में रोष व्याप्त हो गया। सभी ने इस मामले को डीएम अभय सिंह व एसपी गौरव सिंह को अवगत कराया। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पीड़ित ईएमओ का कहना है कि दवा कारोबारी व भाजपाई जबरन बाहर की दवा लिखने की बात कह रहे थे। इंकार करने पर मारपीट की। तोड़फोड़ की। जानमाल की धमकी दी। कोतवाल का कहना है कि ईएमओ डॉ. संतोष सिंह की तहरीर पर दवा कारोबारी संतोष पांडेय, हिमांशु वाजपेयी और पांच-छह अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
एसपी गौरव सिंह का कहना है कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कराकर जांच कराई जा रही है। इमरजेंसी में उत्पात मचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिस तरह दवा कारोबारियों व भाजपाइयों ने जिला अस्पताल की इमरजेंसी कक्ष में उत्पात मचाया, वह सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में सामने आ गई है।
फुटेज के जरिए पुलिस बवाल करने वाले हमलावरों को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है। कोतवाल के मुताबिक जो फुटेज आई है, उसमें कई भाजपा कार्यकर्ता अन्य लोगों के साथ उत्पात मचाते दिख रहे हैं। सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप यादव का कहना है कि दवा कारोबारी संतोष पांडेय भाजपा कार्यकर्ता हैं। पार्टी में शामिल पदाधिकारी या फिर किसी कार्यकर्ता की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टरों की ओर से रोगियों को जो बाहर से दवा लिखी जा रही हैं, उसे भी कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी कक्ष में तैनात ईएमओ डॉ. संतोष सिंह के साथ मारपीट की घटना पर चिकित्सकों में भारी आक्रोश है। सीएमएस डॉ. एनके श्रीवास्तव की मौैजूदगी में इस मामले को लेकर बैठक की गई। सभी चिकित्सकों ने एक स्वर में कहा कि यदि जल्द मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।
सीएमएस का कहना है कि पूरे प्रकरण से डीएम-एसपी को अवगत करा दिया गया है। इस मौके पर डॉ. बीरबल, डॉ. अल्ताफ हुसैन, डॉ. एसपी दीक्षित, डॉ. शिव कुमार, डॉ. जय सिंह, डॉ. गणनायक पांडेय आदि मौजूद रहे।