रायबरेली। जिले में बुधवार को 22 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। रेलकोच फैक्टरी में रहने वाले व कोरोना से संक्रमित युवक की मिम्स बाराबंकी के एल-3 अस्पताल में और लालगंज की सराफा मंडी निवासी डॉ. शंभूदयाल वर्मा (72) की बाराबंकी के मेयो हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जिले में अब तक मरने वालों की संख्या बढ़कर 83 हो गई है। एडीएम (प्रशासन) की पांचवीं रिपोर्ट भी बुधवार को पॉजिटिव आई है। सभी संक्रमितों को एल-1 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि बुधवार को 22 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। उन्होंने बताया कि रेलकोच कारखाने में रहने वाले 22 वर्षीय युवक और लालगंज की सराफा मंडी निवासी डॉ. शंभूदयाल वर्मा (72) की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें जिले के अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। जहां हालत नाजुक होने पर युवक को मिम्स बाराबंकी के एल-3 अस्पताल में और बुजुर्ग को मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि 13 सितंबर को एडीएम (प्रशासन) की रिपोर्ट एंटीजन से पॉजिटिव आई थी। इसके बाद जिला अस्पताल में ट्रूनेट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। लखनऊ से आरटीपीसीआर जांच और उसके बाद जिला अस्पताल में ट्रूनेट से चौथी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। बताया कि उनकी बुधवार को पांचवीं जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली हैं।
इसके अलावा जिले में शक्ति नगर, कलेक्ट्रेट, बस्तेपुर, पीएसी, कोंसा, गुरुबख्शगंज, रामपुर, लोधवारी, साकेतनगर, उत्तरपारा, सत्य नगर, ज्योना, राजघाट, मलिकमऊ, कोटियाचित्रा, लालगंज, बलीपुर क्षेत्र में मरीज मिले हैं। सभी को संबंधित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आरके पांडेय ने बताया कि शहर कोतवाल के संक्रमित होने के बाद शहर कोतवाली, सिविल लाइन चौकी, यातायात पुलिस बूथ, फायर स्टेशन आदि स्थानों पर बुधवार को सैनिटाइजेशन का काम कराया गया है। इसके अलावा राना नगर, पटेल नगर, मलिकमऊ आदि क्षेत्रों में भी सैनिटाइजेशन का काम कराया गया।
कोविड के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती 59 संक्रमित बुधवार को स्वस्थ हो गए। उन्हें डिस्चार्ज करके घर भेज दिया गया है। जिले में अब तक 2795 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जिसमें 2242 लोग स्वस्थ होकर घर भी पहुंच गए। 82 लोगों की मौत के साथ ही अस्पतालों में भर्ती 470 लोगों का इलाज हो रहा है। लालगंज क्षेत्र के जेनेवा कटरा गांव में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाकर 50 लोगों की जांच की। जबकि सीएचसी परिसर में लगे शिविर में कुल 10 लोगों की जांच की गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजीव गौतम ने बताया कि कुल 60 लोगों की जांच की गई है। जांच रिपोर्ट में सभी निगेटिव पाए गए हैं।