लापरवाह आठ हेड कांस्टेबल लाइन हाजिर
एसपी ने पुलिसिंग व्यवस्था में और सुधार करने की दिशा में की कार्रवाई
रायबरेली। पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई ने कार्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले आठ हेड कांस्टेबलों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। लंबे अरसे से इन पुलिस कर्मियों की शिकायतें जिला मुख्यालय पहुंच रही थीं। हटाए गए पुलिस कर्मियों में से कुछ ऐसे हेड कांस्टेबल हैं, जो काफी दिनों से एक ही स्थान पर तैनात थे। हर बार जुगाड़ लगाकर वह थाने में जमे रह जाते थे। इसमें से कुछ ऐसे हेड कांस्टेबल हैं, जो थानों पर दीवान का कार्य भी देख रहे थे।
एसपी स्वप्निल ममगाई ने लालगंज कोतवाली में तैनात हेड कांस्टेबल राजा सिंह, ऊंचाहार थाने में तैनात अतिबल सिंह, दलजीत यादव, सरेनी थाने में तैनात श्रीकृष्ण शुक्ला, बछरावां थाने में तैनात आबिद अली, मो. शमीम, सलोन कोतवाली क्षेत्र में तैनात फहीम खान, राना सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसमें राजा सिंह, राना सिंह, फहीम खान और श्रीकृष्ण शुक्ला थानों पर दीवान का कार्य भी देख रहे थे। बताया जा रहा है कि इन सभी की कार्य के प्रति लापरवाही की शिकायतें मिल रही थी।
लंबे समय से एक ही स्थान पर जुगाड़ लगाकर तैनाती पा लेते थे। ऐसे में इन सभी पुलिस कर्मियों को पुलिस लाइंस का रास्ता दिखा दिया गया। गौरतलब है कि इसी सप्ताह लालगंज कोतवाली में तैनात निरीक्षक विनोद सिंह, अभिनेंद्र कुमार को लाइन हाजिर कर दिया था। जुगाड़ लगाकर लंबे अरसे से एक ही स्थान पर तैनात अन्य मुख्य आरक्षियों व आरक्षियों पर भी जल्द गाज गिरने की कही जा रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो ऐसे पुलिस कर्मियों की सूची तैयार की जा रही है, जो लंबे अरसे से एक ही स्थान पर तैनात है।
साथ ही उनकी मनमानी की शिकायतें आए दिन पुलिस कार्यालय पहुंच रही हैं। इसमें से कुछ ऐसे पुलिस कर्मी हैं, जो विवाद की वजह बन रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ऐसे लापरवाह पुलिस कर्मियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। थानों के अलावा अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए एसओजी टीम गठित की गई है। एसओजी और अच्छा कार्य कर सके, इसके लिए एसपी ने टीम में स्टाफ बढ़ा दिया है।
पुलिस लाइंस में तैनात कांस्टेबल राजीव कुमार शुक्ल, सुरेश कुमार वर्मा, अजीत विक्रम सिंह, अमित कुमार सिंह को एसओजी टीम में तैनाती दी गई है। इस समय एसओजी टीम की कमान अमरेश त्रिपाठी के पास है। अभी तक जिले में स्वाट टीम गठित थी, लेकिन फिर से अब इसका नाम एसओजी कर दिया गया है।
पुलिसिंग व्यवस्था में और सुधार करने की दिशा में आठ हेड कांस्टेबलों को लाइन हाजिर किया गया है। अच्छा कार्य करने वाले पुलिस कर्मी ही थानों पर रह पाएंगे। लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी।- स्वप्निल ममगाई, एसपी