रायबरेली। जिले में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को एक परिवार के पांच लोगों समेत आठ लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसमें शहर के नयपुरवा निराला नगर में कैसर पीड़ित की कोरोना से मौत के बाद उसकी पत्नी, दो बेटी, बहू और बेटा पॉजिटिव पाए गए हैं।
इसके अलावा शहर के तिलक नगर, सतांव क्षेत्र के नकफुलहा और जगतपुर क्षेत्र के पूरे चिरौजी केवलपुर बरेथा में भी एक-एक मरीज मिला है। नयापुरवा पहले से ही सील है। नकफुलहा, तिलक नगर और जगतपुर के पूरे चिरौंजी गांव को सील कर दिया गया है।
शहर के नयापुरवा निराला नगर का रहने वाला अधेड़ केजीएमयू लखनऊ में कीमोथेरेपी कराने के दौरान 05 जुलाई को कोरोना संक्रमित हो गया था। उसे एसजीपीजीआई लखनऊ में भर्ती कराया गया था। 09 जुलाई को उसकी मौत हो गई थी।
इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। एसजीपीजीआई से मंगलवार शाम आई जांच रिपोर्ट में उसकी पत्नी, दो बेटियों, बहू और बेटे में कोरोना की पुष्टि होने के बाद सभी को रॉयन स्कूल के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
सतांव क्षेत्र के नकफुलहा गांव में छत्तीसगढ़ से आई महिला का सैंपल भी जांच के लिए भेजा गया था। उसकी रिपोर्ट भी मंगलवार को पॉजिटिव आ गई। इसके अलावा शहर के तिलक नगर के एक व्यक्ति का सैंपल जुकाम-बुखार आने के बाद लिया गया था।
वह भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। इन दोनों मरीजों को रॉयन स्कूल में भर्ती कराया गया है। जगतपुर ब्लॉक के पूरे चिरौंजी का पुरवा मजरे केवलपुर बरेथा गांव के 46 वर्षीय व्यक्ति को इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल लाया गया।
यहां ट्रूनेट मशीन से जांच की गई तो उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ गई। सूचना मिलते ही कोतवाल जगतपुर हरिशंकर प्रजापति टीम के साथ गांव पहुंचे और रास्तों को सील करवा दिया है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि जिले में अब तक 12,218 सैंपल एसजीपीजीआई लखनऊ भेजकर कोरोना की जांच कराई है। इसमें अब तक 195 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इलाज के बाद 140 मरीज अब तक स्वस्थ होकर घर भी जा चुके हैं।
रॉयन इंटर नेशनल स्कूल के लेबल-1, लोकबंधु अस्पताल लखनऊ के लेवल-2 और एसजीपीजीआई लखनऊ के लेवल-3 हॉस्पिटल में 50 लोगों का इलाज चल रहा है। विभिन्न गंभीर बीमारियों से ग्रसित होने के बाद कोरोना से संक्रमित हुए छह लोगों की मौत भी हो चुकी है।
जिले में मंगलवार को कोरोना संक्रमित आठ लोग पाए गए हैं। इसमें पांच लोग एक ही परिवार के हैं। सभी मरीजों को रॉयन स्कूल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संबंधित क्षेत्रों में बुधवार को टीमें भेजकर सभी लोगों की जांच कराई जाएगी। -डॉ. संजय कुमार शर्मा, सीएमओ