रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा में इस साल 71,670 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बोर्ड परीक्षा में बढ़ती सख्ती के चलते पिछले तीन-चार सालों में हर बार परीक्षार्थियों की संख्या घटती जा रही है। पिछले वर्ष की तुलना में इस साल भी परीक्षार्थियों की संख्या में कमी आई है।
वर्ष 2021 की यूपी बोर्ड परीक्षा में 71,670 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसमें हाईस्कूल के 38,705 परीक्षार्थी इम्तेहान देंगे तो इंटर की परीक्षा में 32,965 परीक्षार्थी बैठेंगे। इनमें हाईस्कूल के 38,328 संस्थागत एवं 377 व्यक्तिगत और इंटर के 31,593 संस्थागत एवं 1,372 व्यक्तिगत परीक्षार्थी शामिल हैं।
पिछले वर्ष यानी 2020 में 73514 परीक्षार्थियों ने यूपी बोर्ड की परीक्षा दी थी, जिनमें हाईस्कूल के 41096 और इंटर के 32418 परीक्षार्थी शामिल थे। इसी तरह वर्ष 2019 में 76292 परीक्षार्थियों ने एग्जाम दिया था, जिसमें हाईस्कूल के 43688 और इंटर के 32604 छात्र-छात्राएं शामिल थे। यानी कि पिछले साल 2778 परीक्षार्थी कम हुए थे तो इस बार 1812 परीक्षार्थियों की संख्या कम हुई है।
खास बात यह है कि इंटर के परीक्षार्थियों की संख्या में ज्यादा अंतर नहीं आया है, लेकिन हाईस्कूल की परीक्षार्थियों में ज्यादा कमी आई है। हर साल परीक्षार्थियों की संख्या में आ रही कमी की वजह बोर्ड परीक्षा में बढ़ती सख्ती को माना जा रहा है।
एक तरफ पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया आनलाइन होने से फर्जीवाड़े पर लगाम लगी है तो दूसरी ओर परीक्षा केंद्रों पर वायस रेकार्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे लगने से नकल की आस लगाए लोगों की उम्मीदें टूट गईं।
डीआईओएस डॉ. चंद्रशेखर मालवीय का कहना है कि इस वर्ष की बोर्ड परीक्षा में 71670 परीक्षार्थी शामिल होंगे। कोरोना संक्रमण के चलते परीक्षा शुल्क जमा करने और आवेदन फार्म भरने की तिथि बढ़ाई गई थी, ताकि कोई भी छात्र-छात्रा आवेदन से वंचित न रहने पाए।