डलमऊ कस्बे में नगर पंचायत की ओर से नाला बनवाने के लिए खोदाई कराई जा रही है। शनिवार को जेसीबी से खोदाई के दौरान शिव मंदिर ढह गया। इतना ही नहीं मंदिर में स्थापित शिवलिंग नाले में गिरकर खंडित हो गया।
इसकी सूचना पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। घटना से शिवभक्तों में जबरदस्त आक्रोश है। मौके पर पहुंचे भाजपाइयों ने भी नाराजगी जताई। कहा कि मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।
कस्बे में मुराईबाग-डलमऊ रोड पर नाला निर्माण कराया जाना है। नाला बनवाने के लिए शनिवार को जेसीबी से मिट्टी की खोदाई कराई जा रही थी। यह खोदाई नगर पंचायत के ठेकेदार के कर्मचारी करवा रहे थे।
खोदाई के दौरान कर्मचारियों व जेसीबी चालक की लापरवाही से नाले के पास बना शिव मंदिर क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं इसमें स्थापित शिवलिंग भी खंडित हो गया। मंदिर के टूटते ही आसपास के लोग एकत्र हो गए।
वहां मौजूद भ्ाक्ताें ने इसका विरोध जताया। सुनील, दिनेश त्रिपाठी, गरुण यादव, ऋषभ मिश्र, सर्वेश द्विवेदी, शुभम समेत अन्य भाजपाई भी पहुंच गए। मामला गर्माता इससे पहले ही संभ्रांत लोगों ने बीचबचाव कर दिया।
इससे लोग शांत हो गए। भाजपाइयों ने मंदिर के पुनर्निर्माण की मांग उठाई। नगर पंचायत अध्यक्ष कंचन श्रीवास्तव का कहना है कि यदि खोदाई के दौरान मंदिर गिरा है तो ठेकेदार से कहकर इसका पुनर्निर्माण कराया जाएगा।