मिल एरिया थाना क्षेत्र के मलिकमऊ गांव में डंपर की टक्कर से टूटा बिजली का पोल।
अमावां। मिल एरिया थाना क्षेत्र के मलिकमऊ गांव में मंगलवार की रात एक डंपर की टक्कर से बिजली का पोल टूटकर जमीन पर गिर गया, जिससे मोहल्ले की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बुधवार को 12 घरों की बिजली बहाल नहीं हो सकी, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीण गुड्डू खान, चंदन भारती, शैलेंद्र, धर्मेंद्र ने बताया कि आधी रात के समय गांव में अवैध खनन से निकाली गई मिट्टी गिराई जा रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर रास्ते में लगे बिजली के पोल से टकरा गया। हादसे के बाद पोल टूटकर गिर पड़ा। इससे मोहल्ले की बिजली गुल हो गई। चालक डंपर लेकर मौके से भाग गया।
सूचना पर आईटीआई पावर हाउस के जेई अमन कुमार ने प्रयास कर कुछ घरों की बिजली आपूर्ति चालू कराई। हालांकि, एक दर्जन घरों की आपूर्ति अभी भी बहाल नहीं हो सकी है। इस मामले में मिल एरिया थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई गई है। सीओ आशीष निगम ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)