रायबरेली। रेलवे ने ट्रेनों पर बढ़ते पथराव को रोकने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब ड्रोन कैमरे की मदद से ट्रेनों की निगरानी की जाएगी। इसका उद्देश्य पत्थरबाजी करने वालों पर शिकंजा कसना और कड़ी कार्रवाई करना है।
पिछले एक वर्ष में बछरावां क्षेत्र में 40 से अधिक पथराव की घटनाएं हुई हैं। इनमें से करीब 30 घटनाएं गोरखपुर-बनारस वंदे भारत सुपरफास्ट ट्रेन पर हुई हैं। वंदे भारत के अलावा नीलांचल एक्सप्रेस, इंटरसिटी और त्रिवेणी जैसी अन्य ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं। इन लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए रेलवे विभाग ने यह बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने ट्रेनों की सुरक्षा के लिए ड्रोन कैमरे भेजे हैं। ये ड्रोन कैमरे ट्रेनों पर होने वाले हमलों पर लगाम लगाने में सहायक होंगे।
आरपीएफ कर रही प्रशिक्षण
बछरावां आरपीएफ चौकी इंचार्ज चंद्र भूषण राय ने बताया कि ड्रोन कैमरे आ चुके हैं। आरपीएफ की एक टीम इन कैमरों के प्रशिक्षण के लिए गई है। यह प्रशिक्षण जल्द ही पूरा होने की उम्मीद है। प्रशिक्षण पूरा होते ही इन कैमरों को ट्रेनों की सुरक्षा में लगाया जाएगा। ड्रोन में रिकॉर्ड हुए अराजकतत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।