रायबरेली। रात के समय उड़ते ड्रोन को देखकर ग्रामीण दहशत में हैं। सोमवार रात को भी ड्रोन उड़ते दिखे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि ड्रोन से चोर गांवों में निगरानी रखते हैं और वारदात को अंजाम देते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मामले में पुलिस अनदेखी कर रही है।
जगतपुर के हरपुर हल्ला, बिंदागंज, पराहरी, उमरी, पारी, पूरे कैथन, दौलतपुर में रात होते ही गांव के ऊपर ड्रोन उड़ने लगते हैं। यह सिलसिला बीते तीन दिन से चल रहा है। ग्रामीण रातभर जागने को मजबूर हैं। गांव के लोग उड़ते ड्रोन का वीडियो बनाने का दावा कर रहे हैं। ग्रामीण नितिन तिवारी, विकास यादव, राज साहू, शिव, कौशल व राजेश का कहना है कि पुलिस के आने के बाद ड्रोन गायब हो जाते हैं।
ड्रोन उड़ने की घटना से महिलाएं व बच्चे डरे हुए हैं। हरपुर हल्ला निवासी बुद्धिमान सिंह की तहरीर पर पुलिस ने युवक पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू की है। ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि गांव के आसपास से ही ड्रोन उड़ाए जा रहा है। थाना प्रभारी पंकज त्यागी ने बताया कि गांवों में ड्रोन उड़ने की सूचना मिल रही है। पुलिस के पहुंचने से पहले ड्रोन गायब हो जाते है। मामले की जांच की जा रही है।