हलोर (रायबरेली)। भैयापुर गांव के पास बृहस्पतिवार शाम ऑटो पलटने से चालक की मौत हो गई, जबकि पिता-बेटी-दामाद समेत चार लोग घायल हो गए। हादसे की खबर से परिजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं।
मऊ निवासी ओरीलाल अपनी दिव्यांग बेटी सरिता की विदाई कराने के लिए गांव के ही बाबू अवस्थी (34) का ऑटो लेकर ससुराल अछई गांव गए थे। शाम करीब पांच बजे ओरीलाल, बेटी सरिता, दामाद गुड्डू और चार वर्षीय नाती शिवांशु के साथ ऑटो पर सवार होकर घर लौट रहे थे। ऑटो बाबू अवस्थी चला रहे थे। भैयापुर गांव के पास अचानक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
हादसा इतना जोरदार था कि ऑटो चालक समेत सभी लोग गाड़ी के नीचे दब गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। लोगों की मदद से एंबुलेंस के जरिये घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने बाबू अवस्थी को मृत घोषित कर दिया।
वहीं घायल ओरीलाल, उनकी बेटी सरिता, दामाद गुड्डू और मासूम बेटा शिवांशु का उपचार सीएचसी में चल रहा है। कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव का कहना है कि हादसे की जांच कराई जा रही है।