रायबरेली। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में जिले के इतिहास में एक और कीर्तिमान शुक्रवार को स्थापित हो गया। यूपी में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायबरेली को पहला एमबीबीएस डॉक्टर बनाने का गौरव मिलने के बाद अब दूसरे बैच की पढ़ाई शुरू होने के साथ ही वर्ष 2026 में 100 एमबीबीएस डॉक्टरों की दूसरी खेप एम्स से निकलेगी।
दिल्ली जैसे एम्स के इलाज की सुविधा यहां मुहैया कराने का प्रयास चल भी रहा है। उम्मीद है कि इसी साल हॉस्पिटल शुरू होने के बाद यहां जटिल रोगों का इलाज भी शुरू हो जाएगा।
शहर से सटे दरियापुर स्थित एम्स में अगस्त 2019 में एमबीबीएस के पहले बैच की पढ़ाई शुरू होने के साथ प्रदेश में धाक जम गई। वैसे तो प्रदेश में कई एम्स निर्माणाधीन हैं, लेकिन एमबीबीएस डॉक्टर बनाने के लिए पहला बैच शुरू कराने का मौका जिले को ही मिला था।
वर्ष 2024 में कोर्स पूरा होने के बाद 50 डॉक्टरों की पहली खेप एम्स से निकलेगी। हालांकि प्रदेश के पहले एम्स से ये पहले एमबीबीएस डॉक्टर होंगे। वहीं शुक्रवार को एमबीबीएस के 100 सीटों की दूसरे बैच की पढ़ाई शुरू हो गई। यह बैच वर्ष 2026 में पढ़ाई पूरी करेगा। दूसरे बैच की पढ़ाई भी सबसे अधिक सीटों के साथ एम्स रायबरेली को ही पूरा कराने का गौरव मिलना तय हो गया है। वहीं इसी साल एम्स में जटिल रोगों का इलाज भी हो सकेगा।
दिखा जोश, सेल्फी तो किसी ने एक दूसरे से बढ़ाई जान-पहचान
एम्स में दाखिला मिलने के बाद एमबीबीएस छात्र-छात्राओं में खुशी व उत्साह नजर आया। एकेडमिक पिनअप सेरेमनी के बाद छात्र-छात्राओं ने एक दूसरे से जान-पहचान बढ़ाई। किसी ने अपने मोबाइल में मित्र का नंबर दर्ज किया तो कई विद्यार्थी सेल्फी लेने में बिजी रहे। कई स्टूडेंट्स के पैरेंट्स भी कार्यक्रम में शामिल हुए। बच्चों से ज्यादा उनके अभिभावकों के चेहरों पर खुशी झलक रही थी। बेटियों के सपने साकार होने पर उन्हें नाज था। एमबीबीएस छात्रा आयुषी, इशिता, नंदिता मिश्रा, पल्लवी भारती, श्रेया मिश्रा, वर्तिका सिंह, निशी सिंह, साक्षी सिंह, जागृति सिंह, दीपिका सैनी आदि छात्राएं बेहद खुश नजर आईं। सभी ने कहा कि अच्छी पढ़ाई कर डॉक्टर बनकर समाज व देश के लिए काम करेंगे।
राजस्थान, झारखंड, बिहार, महाराष्ट्र आदि प्रदेशों के छात्र करेंगे पढ़ाई
एम्स में एमबीबीएस पढ़ाई के दूसरे बैच में प्रदेश के अलावा उड़ीसा, राजस्थान, झारखंड, बिहार, महाराष्ट्र आदि के विद्यार्थी हैं। छात्र यश दीक्षित, शाहिल शेवरान, रोबिन, शशि रंजन कुमार, मनीष नेगी, मुदसिर सिद्दीकी, मो. फैजान आदि ने कहा कि एम्स रायबरेली में दाखिला मिलना गौरव की बात है। यहां शांति के माहौल में एमबीबीएस की पढ़ाई करेंगे।