जलालपुर धई आरोग्य मेला में मरीज की जांच करते चिकित्सक वरुण कुमार।
रायबरेली। रोगियों को इलाज कराने में सहूलियत मिले, इसके लिए हर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया जाता है, लेकिन इसमें महज औपचारिकता पूरी की जाती है। लालगंज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पूरे भैरोमिश्र में चिकित्सक नदारद रहे। इलाज और दवा देने की जिम्मेदारी फार्मासिस्ट राजीव अवस्थी ने संभाली।
लालगंज सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमल पटेल ने बताया कि पूरे भैरोमिश्र में कोई स्थाई चिकित्सक तैनात नहीं है। सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. नंदिनी को सप्ताह में एक दिन के लिए तैनात किया गया है। डीह के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेतौरा, कठगर में रोगी कड़ी धूप में इलाज कराने पहुंचे, लेकिन यहां बैठने और पेयजल की सुविधा नाकाफी रही। 54 पीएचसी में हुए आरोग्य मेले में 2229 रोगियों की सेहत जांची गई। सबसे ज्यादा बुखार से पीड़ित 371 रोगी आए। पेट दर्द के 104, खुजली के 89, सांस से संबंधित पांच मरीजाें का इलाज किया गया।
दीनशाह गौरा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर धई, गोविंदपुर माधव, रसूलपुर धरावां में रोगियों का इलाज किया गया। सीएचसी अधीक्षक ज्ञान प्रताप सिसौदिया ने बताया कि बुखार, खांसी, एलर्जी, पेट दर्द के अधिक मरीज इलाज कराने पहुंचे। उपचार के बाद दवा दी गई।