रायबरेली। यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियां जोरशोर से चल रही है। परीक्षा 18 फरवरी से 6 मार्च तक चलेंगी। जिले को उपलब्ध कराई गई पांच लाख कॉपियां परीक्षा केंद्रों तक समय से पहुंच सके, इसके लिए उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण का कार्य बुधवार को शुरू करा दिया गया। पहले दिन नौ परीक्षा केंद्रों को कॉपियां बांटी गई।
अ और ब दोनों कॉपियों में क्रमांक अंकित होने के कारण वितरण में खास सतर्कता बरतनी पड़ रही है। इसीलिए समय भी लग रहा है। यह सिलसिला 6 फरवरी तक चलेगा। जिले में 102 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 73 हजार से अधिक हाईस्कूल एवं इंटर के परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों को समय से कॉपियां मिल जाएं, इसके लिए रूपरेखा तैयार करके कॉपियों का वितरण कार्य शुरू कर दिया गया।
तहसील क्षेत्रवार चिह्नित परीक्षा केंद्रों के शिक्षकों व कर्मचारियों को बुलाया गया है। सुबह 9 से अपराह्न 3 बजे तक कॉपियां निर्गत की गईं। डीआईओएस कार्यालय परिसर में परीक्षा केंद्रों से आई टीम समूह में बैठी मिलान करती नजर आई। बाद में कॉपियों को वाहनों से परीक्षा केंद्र ले जाया गया।
पहले दिन लालगंज तहसील क्षेत्र के जवाहर राजकीय सेमरी, लालबहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज, दुर्गा विद्या मंदिर, न्यू सरस्वती खीरों, जनता इंटर कॉलेज पूरे पांडेय, एसबी इंटर कॉलेज, बीवीएस इंटर कॉलेज महरानीगंज समेत नौ परीक्षा केंद्रों को कॉपियां बांटी गईं। जिले को तीन खेप में कॉपियों की आपूर्ति की गई है।
इसमें हाईस्कूल की 2.11 लाख अ कॉपियां, 84 हजार ब कॉपियां, इंटर की 1.65 लाख अ कॉपियां, 46 हजार ब कॉपियां, हाईस्कूल के पौने दो लाख कला पेपर और इंटर के 25 हजार कला पेपर उपलब्ध कराए गए हैं। यानी कि लगभग पांच लाख कॉपियां और दो लाख कला पेपर मिले हैं। डीआईओएस कार्यालय के नए एवं पुराने भवनों में अलग-अलग कॉपियां सुरक्षित रखी गई हैं।
इस बार अ और ब दोनों ही कॉपियों में भी कोड अंकित हैं। कॉपियों के वितरण की रणनीति तय कर ली गई है। इसके तहत तहसील क्षेत्रवार चिह्नित परीक्षा केंद्रों को बुलाकर कॉपियां बांटी जाएंगी। दूसरे दिन यानी गुरुवार को लालगंज तहसील क्षेत्र के ही आठ सेंटरों को कॉपियां बंटेगी। इसके बाद 24 एवं 25 जनवरी को महराजगंज तहसील क्षेत्र के आठ-आठ सेंटरों को, 27 एवं 28 जनवरी को सलोन तहसील क्षेत्र के सात-सात सेंटरों को कॉपियां बांटी जाएंगी।
ऊंचाहार तहसील क्षेत्र के छह केंद्र 30 जनवरी को और सात केंद्र 31 जनवरी को कॉपी प्राप्त करेंगे। डलमऊ तहसील क्षेत्र के आठ-आठ परीक्षा केंद्रों को 1 व 2 फरवरी को कॉपियां मिलेंगी। अंतिम चरण में 4, 5, 6 फरवरी को सदर तहसील क्षेत्र के क्रमश: 9, 8, 9 परीक्षा केंद्रों को कॉपियां बांटी जाएंगी।
उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा पर परीक्षा केंद्रों को विशेष ध्यान देना होगा। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी जरूरी है। अभी परीक्षा केंद्रों को 90 प्रतिशत अ कॉपी दे रहे हैं, जबकि हाईस्कूल में 30 प्रतिशत एवं इंटर में 20 प्रतिशत ब कॉपियां दी जा रही हैं। सुबह 9 बजे से 3 बजे तक डीआईओएस कार्यालय से कॉपियां निर्गत होंगी, ताकि परीक्षा केंद्रों से आई टीम समय से कॉपियां लेकर वापस जा सकें। -डॉ. चंद्रशेखर मालवीय, डीआईओएस।